
कोरबा में तीन दिनों से धारदार कत्ता लेकर लोगों में दहशत फैला रहे एक युवक को आखिरकार पकड़ लिया गया। खास बात यह रही कि आरोपी को पुलिस ने नहीं, बल्कि एक स्थानीय पत्रकार ने अपनी जान जोखिम में डालकर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रेम कुमार साहू, निवासी मुड़ापार मुस्लिम बस्ती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन दिनों से धारदार कत्ता लेकर क्षेत्र में लोगों को डरा-धमका रहा था।
मौके पर मौजूद एक पत्रकार ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी को काबू में कर लिया और इसकी सूचना तत्काल मानिकपुर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के कब्जे से धारदार कत्ता बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




