यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण – सड़क सुरक्षा सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

बिलासपुर। जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा एक व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा–निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में जिले के प्रमुख दुर्घटना जनित क्षेत्र (ब्लैक स्पॉट) का अवलोकन कर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई। इस निरीक्षण में पुलिस मुख्यालय, रायपुर से सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) संजय शर्मा भी विशेष रूप से शामिल हुए।
पिछले कुछ समय से जिला पुलिस द्वारा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से प्रभावित स्थलों की पहचान कर सुधारात्मक एवं निवारक उपायों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है, जिससे सड़क हादसों में कमी आए और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।


मुख्य ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण
निरीक्षण टीम में यातायात प्रभारी एएसपी रामगोपाल करियारे, यातायात विभाग के मास्टर ट्रेनर एवं सेवानिवृत्त उप-निरीक्षक उमाशंकर पांडे सहित यातायात बल के अधिकारी–कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने जिले के सबसे महत्वपूर्ण तीन ब्लैक स्पॉट—सेंदरी तिराहा, मस्तूरी बायपास तिराहा तथा भदौरा चौक—का निरीक्षण किया।
सेंदरी तिराहा और भदौरा चौक में टीम ने पाया कि भारी यातायात दबाव और क्रॉसिंग एरिया की जटिलता के कारण दुर्घटना की संभावनाएँ अधिक हैं। इसलिए इन दोनों स्थानों पर अंडर ब्रिज निर्माण की आवश्यकता बताई गई, ताकि वाहनों का प्रवाह पृथक हो सके और टकराव की संभावनाएँ न्यूनतम हों।
मस्तूरी बायपास तिराहा में भी टीम ने प्रकाश व्यवस्था को अपर्याप्त पाया। यहाँ पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, रंबल स्ट्रिप तथा चिन्हांकन की आवश्यकता बताई गई। हाईवे से जुड़े अन्य सहायक मार्गों के समीप भी अंडर ब्रिज निर्माण पर विचार करने का सुझाव दिया गया, ताकि दुर्घटना के जोखिम को कम किया जा सके।
हाईवे पेट्रोलिंग वाहन दल को दिए गए निर्देश
निरीक्षण के दौरान एआईजी संजय शर्मा ने हाईवे पेट्रोलिंग टीम को कई महत्वपूर्ण दिशा–निर्देश देते हुए कहा कि पेट्रोलिंग दल के पास फर्स्ट एड बॉक्स अनिवार्य रूप से होना चाहिए। सड़क किनारे होटल, ढाबा या अन्य स्थानों के पास खड़े भारी वाहनों को तुरंत हटाए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि उनसे टकराकर होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।




