
लोकेशन: कोरबा (उरगा) / रिपोर्टर: सरोज रात्रे
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से एक राहत भरी और सराहनीय खबर सामने आई है, जहां पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। ग्राम करमंदी में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक करीब 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।



युवक की पहचान मुकेश सांडेय (34 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। करीब एक घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज घटनाक्रम के दौरान पूरे इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पुलिस टीम ने धैर्य और समझदारी का परिचय देते हुए युवक से लगातार बातचीत की और उसे शांत करने का प्रयास किया। काफी समझाइश और भरोसा दिलाने के बाद आखिरकार युवक सुरक्षित नीचे उतर आया, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक घरेलू विवाद से परेशान था। उसकी पत्नी के घर नहीं लौटने से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया था। मौके पर मौजूद परिजनों और खासतौर पर पत्नी द्वारा समझाने के बाद युवक ने अपनी जिद छोड़ दी और घर लौटने की सहमति जताई।



करीब एक घंटे तक तेज धूप में टावर पर रहने के कारण युवक की तबीयत बिगड़ने लगी थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम में उरगा पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ की सराहना की जा रही है, जिसने समय रहते हालात को नियंत्रित कर एक संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। फिलहाल पुलिस मामले की निगरानी कर रही है और युवक की काउंसलिंग भी कराई जा सकती है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।




