
बिलासपुर जिले की सीपत पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए हत्या की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी महिला के बीच कथित प्रेम संबंध थे और विवाद के दौरान गला दबाने से मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को ग्राम कौड़िया निवासी चंद्रप्रकाश पटेल का शव उसके घर की कोला-बाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना पर सीपत पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण ‘सीन ऑफ क्राइम’ टीम ने भी किया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का ग्राम दर्राभाठा निवासी उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास के साथ कथित प्रेम संबंध था और घटना वाले दिन भी वह मृतक से मिलने उसके घर गई थी।

संदेह के आधार पर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि मृतक शराब के नशे में था और दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मृतक ने उसका गला दबाने की कोशिश की, जिसके बाद उसने भी मृतक का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह शव को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गई।
पुलिस ने आरोपी उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास (30 वर्ष), निवासी दर्राभाठा, थाना सीपत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सीपत पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और त्वरित विवेचना के चलते इस अंधे हत्या कांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




