
भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित शिवमहापुराण कथा के दौरान प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ विशेष साइबर जागृति अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए लोगों से OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी।

शिवमहापुराण कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संदिग्ध कॉल, मैसेज और लिंक पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें और किसी भी डिजिटल लेन-देन से पहले पूरी जानकारी जांच लें।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अभियान के QR कोड को स्कैन कर ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ अभियान से जुड़ने की अपील की। साथ ही अभियान के कटआउट के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया और WhatsApp Status के जरिए साइबर जागरूकता का संदेश आगे बढ़ाने का भी आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ पुलिस का यह विशेष अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर ठगी के नए-नए तरीकों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बढ़ाना है।
दुर्ग पुलिस के मुताबिक साइबर अपराधी फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक, सोशल मीडिया संपर्क और फर्जी निवेश जैसी गतिविधियों के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में किसी भी संदिग्ध डिजिटल संपर्क पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करने की अपील की गई है।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। पुलिस का कहना है कि जागरूकता और सतर्कता से साइबर अपराधों को रोकने में बड़ी मदद मिल सकती है।




