चाम्पा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चाम्पा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब्त शराब की अनुमानित कीमत 9 हजार रुपये बताई है। आरोपी को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना चाम्पा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मेहंदीपारा स्थित नारायणी होटल के सामने एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी तरुण सहिस (28 वर्ष) निवासी मेहंदीपारा, चाम्पा को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 45 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 9 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 421/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक भवानी सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरी शंकर राय एवं थाना चाम्पा पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




