छत्तीसगढ़रायगढ़

सीरियल चोर गिरफ्तार, खरसिया पुलिस ने 2 लाख की चोरी की संपत्ति बरामद

रायगढ़ जिले की खरसिया पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर सीरियल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने क्षेत्र में कई चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना और चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर चोढ़ा चौक के पास घेराबंदी कर करन चौहान (21 वर्ष), निवासी मदनपुर, थाना खरसिया को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी का सामान बेचने की फिराक में घूम रहा था।


पूछताछ में आरोपी ने खरसिया क्षेत्र में कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करने के अलावा सूने मकानों में सेंध लगाकर नकदी, गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी करने की जानकारी दी। आरोपी चोरी का सामान मदनपुर चौक के पास एक खंडहर में छिपाकर रखता था और मौका मिलने पर उसे बेच देता था।


आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल, दो स्कूटी, एक पोको मोबाइल, तीन गैस सिलेंडर और सीसीटीवी डीवीआर बॉक्स बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों की बरामदगी अभी बाकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से खरसिया थाना क्षेत्र के दो चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। वहीं अन्य चोरी की घटनाओं में भी आरोपी की संलिप्तता की जांच की जा रही है। संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button