
लोकेशन – कोरबा, छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर – सरोज रात्रे
कोरबा जिले के उरगा-बलौदा मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आई। उरगा सेमीपाली स्थित धनराज पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर चालकों की मनमानी के चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया।

सड़क किनारे और बीच मार्ग पर बेतरतीब खड़े ट्रेलरों की वजह से उरगा चौक से कुदुरमाल तक करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। भीषण गर्मी के बीच लोग घंटों सड़क पर फंसे रहे। बाइक सवार धूप में परेशान नजर आए, वहीं एंबुलेंस और छोटे वाहन भी धीरे-धीरे रेंगते दिखाई दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। आए दिन भारी वाहन सड़क को ही पार्किंग बना देते हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार विभाग इस अव्यवस्था पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।
राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अलग पार्किंग व्यवस्था बनाने की मांग की है, ताकि मुख्य मार्ग पर बार-बार लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके।




