कोटमी सोनार के गढ़पारा में शिक्षा की नई पहल, सब्बो संगवारी शिक्षा एवं सेवा समिति ने शुरू किया कोचिंग सेंटर

रिपोर्टर :मयंक
लोकेशन :कोटमी सोनार (अकलतरा), जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़
अकलतरा के कोटमी सोनार अंतर्गत गढ़पारा में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सब्बो संगवारी शिक्षा एवं सेवा समिति द्वारा नए कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू किए गए इस केंद्र से अब ग्रामीण विद्यार्थियों को दूर-दराज जाकर पढ़ाई करने की परेशानी से राहत मिलेगी।
पहले छात्रों को पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और संसाधनों की काफी दिक्कत होती थी। इस समस्या के समाधान के रूप में समिति ने स्थानीय स्तर पर ही कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई है।


इस कोचिंग सेंटर में नवोदय, एकलव्य एवं प्रयास जैसे आवासीय विद्यालयों की प्रवेश परीक्षाओं की विशेष तैयारी कराई जाएगी। समिति पहले से ही “समर्पण बैच” के माध्यम से छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन प्रदान कर रही है।
यह कोचिंग सेंटर श्री दीपेश मंडलोई (CAF) के गृह भवन में उनके सहयोग से प्रारंभ किया गया है। संचालन की जिम्मेदारी कोचिंग संचालक आकांक्षा बघेल एवं सहायक संचालक विजयलक्ष्मी मंडलोई संभालेंगी। पूरा संचालन समिति अध्यक्ष अजय मनहर एवं निदेशक द्वारिका प्रसाद मिरी के निर्देशन में किया जाएगा।



कार्यक्रम में उपसरपंच बालूराम मनहर मुख्य अतिथि के रूप में एवं डिप्टी कलेक्टर सत्येंद्र कुमार बंजारे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, ग्रामीणजन और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
समिति का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए नई दिशा और अवसर लेकर आया है। इससे न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि डिजिटल साक्षरता को भी बढ़ावा मिलेगा।






