
लोकेशन: सक्ति जिला / रिपोर्टर: लाला उपाध्याय
सक्ती जिले के मालखरौद ब्लॉक के ग्राम सेदुरस में मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपत्ति की सिर कुचलकर हत्या कर दी। बुधवार सुबह घटना का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सुबह पड़ोस की एक महिला किसी काम से दंपत्ति के घर पहुंची। घर के अंदर दोनों को मृत अवस्था में देखकर उसने ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मृतकों की पहचान ग्राम सेदुरस निवासी पुरुषोत्तम खूंटे (70 वर्ष) और गोहारिन बाई (55 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात आरोपियों ने दोनों की सिर कुचलकर हत्या की है।



घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी भुवनेश्वरी पैंकरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि बुजुर्ग दंपत्ति की सिर कुचलकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।




