छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्रों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा का दिया प्रशिक्षण

रायगढ़ पुलिस ने छात्रों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया। आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया के जोखिम, पॉक्सो कानून, सुरक्षित यातायात और महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से खुलकर संवाद भी किया।



एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व डीएसपी उन्नति ठाकुर ने किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती, निजी फोटो या वीडियो साझा करना और ऑनलाइन लेन-देन में लापरवाही साइबर अपराध का कारण बन सकती है। विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के आसान और प्रभावी उपाय भी बताए गए।

महिला एवं बाल सुरक्षा सत्र में छात्राओं को ‘गुड टच-बैड टच’, पॉक्सो कानून और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई। साथ ही ‘हेलो सिस्टर’ हेल्पलाइन, अभिव्यक्ति ऐप और डायल-112 जैसी सुरक्षा सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई।

यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि 16 वर्ष से कम उम्र में वाहन चलाना कानूनन प्रतिबंधित है। हेल्मेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश भी दिया गया। विद्यार्थियों ने सुरक्षित यातायात और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल उदाहरणों के साथ जवाब दिया। स्कूल प्रबंधन ने इस पहल की सराहना की। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button