छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

म्यूल अकाउंट गिरोह पर जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस ने साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले म्यूल अकाउंट गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पांच म्यूल खाता धारकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी कमीशन के लालच में अपने नाम से बैंक खाते और सिम कार्ड खुलवाकर दूसरे राज्यों में सक्रिय साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को प्राप्त करने और उसे आगे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। जांच में सामने आया है कि आरोपियों से जुड़े बैंक खातों का इस्तेमाल देश के 11 राज्यों में दर्ज 33 साइबर फ्रॉड मामलों में किया गया।


इन मामलों में कुल करीब 10 करोड़ 18 लाख 19 हजार 809 रुपये की साइबर ठगी सामने आई है, जबकि लगभग 66 लाख रुपये की रकम आरोपियों के म्यूल खातों में ट्रांसफर हुई थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सत्यनारायण आदित्य, तुषार सिंह राठौर, हरिश कुमार देवांगन, ओम प्रकाश केंवट और मनोज कुमार मांझी को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कमीशन के लालच में बैंक खाते और सिम कार्ड खुलवाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्रकरण में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
सायबर थाना जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम, सिम कार्ड, ओटीपी या इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को न दें।
अगर आपके साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी पुलिस थाने को भी सूचना दें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button