
लोकेशन : पसान/कोरबी, जिला कोरबा / रिपोर्टर : सरोज रात्रे
कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ग्रामीणों को भी हैरान कर दिया। शादी समारोह में शामिल होने आया एक युवक पहले गांववालों के बीच घुलता-मिलता रहा, खुद को “मनोज पटेल” बताकर लोगों का भरोसा जीता और फिर मौका मिलते ही बाइक लेकर फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सिमगा में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान युवक करीब 10 दिनों तक गांव में रुका रहा। इस दौरान उसने ग्रामीणों से दोस्ताना व्यवहार किया, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ। युवक ने खुद की पहचान “मनोज पटेल” के रूप में बताई थी।
8 मई को आरोपी ने ग्रामीण बुधवार सिंह अगरिया से दुकान जाने का बहाना बनाकर बाइक मांगी। भरोसे में आकर ग्रामीण ने अपनी बाइक उसे दे दी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर संदेह हुआ। बाद में पता चला कि युवक बाइक लेकर फरार हो चुका है।
घटना की शिकायत मिलते ही कोरबी पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर शिवरीनारायण इलाके से आरोपी शत्रुघ्न को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद कर ली है।
पूछताछ में आरोपी की असली पहचान सामने आई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी ने बेहद चालाकी से लोगों का भरोसा जीता और फिर वारदात को अंजाम दिया। वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की भी सराहना की जा रही है।
कोरबा और छत्तीसगढ़ की हर छोटी-बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें।




