
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भैसामुड़ा में प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद हसदेव नदी से कथित तौर पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन जारी होने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों से खुलेआम रेत ढोई जा रही है, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि हसदेव नदी से दिनदहाड़े रेत निकाली जा रही है और बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों के माध्यम से उसका परिवहन किया जा रहा है। उनका कहना है कि लंबे समय से यह गतिविधि जारी है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

मौके पर पहुंची हमारी टीम को रेत से भरा एक ट्रैक्टर मिला। चालक ने अपना नाम अभिषेक बिंझवार बताया। चालक के अनुसार, वह जिस ट्रैक्टर को चला रहा था, वह ग्राम भैसामुड़ा निवासी योगेश राजपूत का है और इसी ट्रैक्टर से प्रतिदिन नदी से रेत का परिवहन किया जाता है।
यदि चालक का यह दावा सही है, तो यह सवाल उठता है कि प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद प्रतिदिन रेत का परिवहन कैसे हो रहा है। साथ ही बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों का संचालन भी गंभीर चिंता का विषय है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से कथित अवैध रेत उत्खनन की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि लगाए गए आरोप और सामने आए तथ्य जांच में सही पाए जाते हैं, तो संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।




