
रायगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और रात के समय यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। जिले के प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे मौजूद पेड़ों पर रेडियम ट्री मार्कर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि रात में वाहन चालकों को सड़क का किनारा स्पष्ट दिखाई दे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) पुष्पेंद्र बघेल के मार्गदर्शन तथा ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है।
यातायात पुलिस की टीम ने उर्दना–गेरवानी–लाखा मार्ग, पहाड़ मंदिर–बनोरा मार्ग और इंदिरा विहार–हमीरपुर मार्ग पर सड़क किनारे चिन्हित पेड़ों पर रेडियम ट्री मार्कर रिफ्लेक्टर लगाए हैं। आगामी दिनों में जिले के अन्य दुर्घटना संभावित मार्गों पर भी यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि वाहन की हेडलाइट पड़ते ही ये रेडियम रिफ्लेक्टर दूर से चमकेंगे, जिससे वाहन चालकों को सड़क किनारे मौजूद पेड़ों की पहले से जानकारी मिल सकेगी और वे अधिक सतर्क होकर सुरक्षित तरीके से वाहन चला सकेंगे।
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन से ही नहीं, बल्कि ऐसे नवाचारों से भी मजबूत होती है जो सीधे लोगों की सुरक्षा से जुड़े हों। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, अनावश्यक हाई बीम का उपयोग नहीं करने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की।
रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस की यह पहल सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है। उम्मीद है कि इस नवाचार से रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और वाहन चालकों की सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी।




