
सूरजपुर जिले की जर्जर और बदहाल सड़कों तथा लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाईपास रोड पर चक्का जाम कर सड़क की खराब स्थिति के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और राज्य सरकार, लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जिले की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से जर्जर अवस्था में हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग मरम्मत को लेकर गंभीर नहीं है। उनका कहना है कि खराब सड़कों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष जफर हैदर ने कहा कि यदि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग जल्द सड़क सुधार का कार्य शुरू नहीं करते हैं तो कांग्रेस आने वाले दिनों में और उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़कों की मरम्मत कराने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जनहित के इस मुद्दे पर यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।




