
रिपोर्टर: दीपक वर्मा / लोकेशन: जशपुर
जशपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाप और बेटों ने मिलकर एक ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



मामला जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के पंडरापाठ चौकी अंतर्गत ग्राम अम्बाडीपा का है, जहां शासकीय काबिज जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल की सुबह, जब पीड़ित परिवार अपने खलिहान में काम कर रहा था, तभी आरोपी पक्ष ने जमीन को अपना बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।


देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी, डंडे और लोहे के सब्बल से हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मदन यादव और उसके दोनों बेटे ठाकुर दयाल यादव और सत्यपाल यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार भी जब्त कर लिए हैं।




