छत्तीसगढ़रायगढ़

ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 34 लीटर शराब जब्त

रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। खरसिया और घरघोड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर करीब 34 लीटर अवैध शराब जब्त की है। इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है।

पहली कार्रवाई खरसिया थाना क्षेत्र के एनएच-49 स्थित प्रिंसी ढाबा, बोतल्दा में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ढाबे में दबिश देकर संचालक संजय पटैल के कब्जे से बिक्री के लिए रखी करीब 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम छोटे देवगांव स्थित अनुराग किराना एंड कोल्ड्रिंक्स स्टोर में छापा मारा। यहां दुकान संचालिका ममता अग्रवाल के कब्जे से 45 पाव अंग्रेजी गोवा स्पेशल व्हिस्की और 5 पाव देशी प्लेन शराब, कुल लगभग 9 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 5 हजार 800 रुपये बताई गई है।

वहीं घरघोड़ा थाना पुलिस ने हरि पेट्रोल पंप बायपास रोड के पास कार्रवाई करते हुए नंदकिशोर यादव उर्फ नंदू को 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है।

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ऐसे अवैध कारोबारियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button