
बिलासपुर के जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली गंभीर लापरवाही सामने आई है। डायलिसिस के दौरान एक मरीज को घंटों अकेला छोड़ दिया गया। इस दौरान मरीज को नींद आ गई और डायलिसिस मशीन से शरीर में जाने वाला खून फर्श पर बहता रहा। मरीज के शोर मचाने के बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह है कि फिलहाल मरीज की हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मरीज का जिला अस्पताल में नियमित डायलिसिस चल रहा था। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी उसे निगरानी में रखने के बजाय वहां से चले गए, जिससे मरीज काफी देर तक अकेला रहा। डायलिसिस के दौरान मरीज को नींद आ गई। इसी बीच मशीन से शरीर में वापस जाने वाला खून बाहर निकलकर फर्श पर बहने लगा। काफी देर तक किसी कर्मचारी की नजर इस पर नहीं पड़ी।
अचानक नींद खुलने पर मरीज ने अपनी स्थिति देखी और शोर मचाया। आवाज सुनकर अस्पताल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। घटना के बाद मरीज को आवश्यक उपचार दिया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार फिलहाल मरीज की हालत ठीक है। वहीं इस घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और डायलिसिस यूनिट की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।




