
रायगढ़ पुलिस के ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत घरघोड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटी से अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 69 पाव अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध शराब कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक घरघोड़ा बाईपास से टेरम की ओर स्कूटी में अवैध शराब लेकर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग स्थित बंगाली ढाबा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी क्रमांक CG 13 BA 9789 को रोककर तलाशी ली।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुनता बिरहोर (23 वर्ष) निवासी कोटरीमाल, थाना घरघोड़ा बताया। स्कूटी में रखे प्लास्टिक बोरे की तलाशी लेने पर 50 पाव अंग्रेजी जिप्सी फाइन व्हिस्की और 19 पाव अंग्रेजी मैड ऑफ शराब, कुल 69 पाव अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 9 हजार 40 रुपये बताई गई।
पुलिस ने शराब और स्कूटी को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक शुभम मिश्रा और आरक्षक मनोज कुमार जोल्हे की सराहनीय भूमिका रही।




