
रायगढ़ पुलिस ने ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। तमनार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी का डीजल खरीदने वाले सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में 4 अगस्त की रात जेपीएल प्लांट के पास खड़े एक ट्रेलर से करीब 100 लीटर डीजल चोरी होने की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भालूमुड़ा निवासी किशोर कुमार चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, पेचकस और अन्य उपकरण बरामद किए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी किया गया डीजल ग्राम मुड़ागांव निवासी दुर्गाचरण पटेल को मात्र 4 हजार रुपये में बेचा गया था। पुलिस ने डीजल खरीदने वाले दुर्गाचरण पटेल और आरोपी कमलेश कुमार उरांव को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

बाइट:
अनिल कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रायगढ़




