टेलीग्राम पर “डबल मुनाफा” का झांसा, 27 लाख से ज्यादा की साइबर ठगी — दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा / लोकेशन: जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां टेलीग्राम के जरिए “डबल मुनाफा” का लालच देकर एक युवक से 27 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की गई। साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को औरंगाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।

मामला चाम्पा थाना क्षेत्र का है, जहां 32 वर्षीय राजेश कुमार सोनी को टेलीग्राम के जरिए निवेश पर दोगुना मुनाफा देने का झांसा दिया गया। आरोपी युवती ने पहले संपर्क किया और फिर उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया, जहां लगातार निवेश के लिए प्रेरित किया जाता रहा।
झांसे में आकर पीड़ित ने आरटीजीएस, यूपीआई, एटीएम और पेटीएम के माध्यम से अलग-अलग खातों में कुल 27 लाख 26 हजार 614 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में साइबर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान एक बैंक खाते का सुराग मिला, जिसके आधार पर टीम औरंगाबाद पहुंची और आरोपी आवेज मसूद शेख को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी अब्दुल वाहिद के कहने पर बैंक खाता खुलवाया था, जिसका इस्तेमाल ठगी की रकम जमा करने के लिए किया जाता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश ऑफर्स से सावधान रहें और बिना सत्यापन किसी भी खाते में पैसा ट्रांसफर न करें।




