छत्तीसगढ़दुर्ग

मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग, मां-बेटा गिरफ्तार

दुर्ग जिले में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला से सोने की चेन लूटने के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी रिश्ते में मां-बेटे हैं। पुलिस उनसे छीनी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:10 बजे सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 में मॉर्निंग वॉक कर रहीं 70 वर्षीय उमा देवी के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार महिला और पुरुष पहुंचे। महिला ने बुजुर्ग को बातों में उलझाते हुए पेड़ से फूल तोड़ने के लिए कहा और इसी दौरान उनके गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है, झपटकर दोनों आरोपी फरार हो गए।


घटना के बाद थाना भिलाई भट्ठी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जी. गौतम (20 वर्ष) और उसकी सगी मां जे. पार्वती (48 वर्ष), निवासी कैंप-1 शांतिपारा, थाना छावनी, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और लूटी गई सोने की चेन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी की कार्रवाई जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर सुबह और शाम टहलने निकलने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button