
लोकेशन: कोरबा, छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: सरोज रात्रे
कोरबा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कटघोरा वनमंडल के जड़गा रेंज में हाथियों का आतंक लगातार जारी है। बीती रात पटेल पारा और धोबघट इलाके में 4 हाथियों ने अचानक गांव में घुसकर जमकर उत्पात मचाया।



आधी रात जब ग्रामीण गहरी नींद में थे, तभी हाथियों के दल ने तीन घरों को तोड़ दिया और धान की बोरियों को भी भारी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग पूरी रात जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।



सबसे बड़ा सवाल वन विभाग की कार्यशैली को लेकर उठ रहा है। जानकारी के मुताबिक, पिछले कई दिनों से इलाके में करीब 40 हाथियों का दल डेरा डाले हुए है, इसके बावजूद समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
वन विभाग की ओर से मॉनिटरिंग और अलर्ट जारी होने की बात कही जा रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
फिलहाल गांव में भय का माहौल है और ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द ठोस रणनीति बनाकर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि उन्हें हर रात खौफ के साए में न जीना पड़े।






