
रायगढ़ जिले में राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने विशेष सत्यापन अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में अवैध अप्रवासियों और संदिग्ध विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मकान मालिकों, ठेकेदारों और उद्योग संचालकों से भी बिना सत्यापन किसी बाहरी व्यक्ति को रखने से बचने की अपील की है। देखिए हमारी खास रिपोर्ट।

रायगढ़ पुलिस ने रविवार को जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने किराए के मकानों, श्रमिक बस्तियों, औद्योगिक क्षेत्रों और बाहरी राज्यों से आए लोगों के निवास वाले इलाकों में पहुंचकर पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी की निगरानी में चल रहे अभियान के दौरान आधार कार्ड, मोबाइल नंबर सहित अन्य पहचान दस्तावेजों की जांच की गई। वहीं औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट, वीजा और अन्य वैध दस्तावेजों के सत्यापन के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस ने उद्योग संचालकों, ठेकेदारों और मकान मालिकों को स्पष्ट हिदायत दी है कि बिना पुलिस सत्यापन और वैध दस्तावेजों के किसी भी बाहरी या विदेशी व्यक्ति को रोजगार या किराए पर स्थान न दें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बाइट – सुशांतो बनर्जी, डीएसपी रायगढ़
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे विदेशी नागरिक की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
रायगढ़ पुलिस के मुताबिक यह विशेष सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करना है।




