
सक्ती जिले के मालखरौदा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां शासकीय हिंदी माध्यम स्कूल के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों की कमी को लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। नाराज विद्यार्थियों ने एसडीएम कार्यालय के सामने वीरभाठा–मालखरौदा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हो गया।


शासकीय हिंदी माध्यम स्कूल मालखरौदा के छात्र-छात्राओं का आरोप है कि स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों के कई पद रिक्त हैं। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिससे उनका भविष्य संकट में पड़ गया है।
अपनी मांगों को लेकर छात्र-छात्राएं सड़क के बीचों-बीच दरी बिछाकर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया तथा राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि जब तक स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने स्पष्ट कहा कि वे अपनी पढ़ाई से समझौता नहीं करेंगे और मांग पूरी होने तक सड़क से नहीं हटेंगे।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर रवाना किया गया। अधिकारियों द्वारा छात्रों को समझाने और यातायात बहाल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर है। देखना होगा कि छात्रों की मांगों को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है और स्कूल में शिक्षकों की कमी कब तक दूर हो पाती है।




