छत्तीसगढ़रायगढ़

ऑपरेशन प्रहार: 48 लाख का 79 टन अवैध स्क्रैप जब्त

रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ अवैध कबाड़ कारोबारियों पर लगातार भारी पड़ रहा है। पूंजीपथरा और जूटमिल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो ट्रक और एक माजदा वाहन से करीब 79 टन स्क्रैप कबाड़ जब्त किया है। जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 48 लाख रुपये बताई जा रही है। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पहली कार्रवाई पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तमनार चौक में की गई। यहां पुलिस ने एक माजदा वाहन की जांच के दौरान करीब 3.39 टन स्क्रैप बरामद किया। चालक माल से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद वाहन और स्क्रैप को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

वहीं जूटमिल थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो ट्रकों से भारी मात्रा में लोहे और टीन का स्क्रैप बरामद किया। दोनों ट्रकों के चालक भी माल से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। धर्मकांटा में तौल कराने पर दोनों वाहनों में कुल करीब 75 टन स्क्रैप पाया गया।


पुलिस ने दोनों ट्रकों, स्क्रैप और संबंधित चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में इस्तगासा प्रस्तुत किया है। तीनों मामलों में जब्त दो ट्रक, एक माजदा वाहन और करीब 79 टन स्क्रैप की कुल अनुमानित कीमत लगभग 48 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अब जब्त स्क्रैप के वास्तविक मालिकों और अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान के जरिए अवैध खरीद-बिक्री और परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।


बाइट:
सुशांतो बनर्जी, डीएसपी रायगढ़

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध कबाड़ के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button