राष्ट्रप्रेम के जज्बे के साथ निकली तिरंगा यात्रा

जांजगीर-चांपा जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में खिलाड़ी और प्रशिक्षक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए और देशभक्ति के जज्बे के साथ लोगों को राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान वे खुद भी यात्रा में शामिल हुए और खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
तिरंगा यात्रा में जिले के विभिन्न खेल विधाओं से जुड़े खिलाड़ी और प्रशिक्षक शामिल हुए। हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।


इस दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में तिरंगा यात्रा, रैली, मैराथन, देशभक्ति संगीत कार्यक्रम, तिरंगा प्रतिज्ञा और जनजागरूकता अभियान सहित कई गतिविधियां शामिल हैं।
हर घर तिरंगा अभियान के जरिए जिले में लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।




