
बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अड्डेबाजी, नशाखोरी, मारपीट और फरार वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।

सघन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 2 नशाखोर, 3 अड्डेबाज, 3 मारपीट के आरोपी तथा 3 फरार गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। चिन्हित स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान भी जारी है।
सिरगिट्टी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशाखोरी, अड्डेबाजी या कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




