
लोकेशन: सूरजपुर | छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: सुरेन्द्र साहू
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिला अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से आयोजित इस शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।




विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और कलेक्टर रेना जमील मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
कलेक्टर रेना जमील ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया और कहा कि रक्तदान एक महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील भी की।
विधायक भूलन सिंह मरावी ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे शरीर को किसी प्रकार की हानि नहीं होती। उन्होंने लोगों से रक्तदान के प्रति जागरूक होने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में वर्तमान में लगभग 30 यूनिट रक्त उपलब्ध है, जबकि इसकी कुल क्षमता 500 यूनिट है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने और रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं तथा रक्तदान जागरूकता अभियान में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रक्तदान का संदेश दिया गया।




