
रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में पत्नी के लापता होने के शक में एक बुजुर्ग पर टंगिया से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त टंगिया भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम महलोई निवासी भागीरथी किशान (60 वर्ष) गंभीर रूप से घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार में भर्ती मिले। जांच के दौरान पता चला कि गांव के दूजराम चौहान (64 वर्ष) को संदेह था कि उसकी पत्नी को भागीरथी किशान ने घर से भगाया है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बताया गया कि 31 जुलाई की शाम आरोपी दूजराम चौहान टंगिया लेकर भागीरथी किशान के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उनके सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल भागीरथी किशान को पहले जिला अस्पताल रायगढ़ और बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। कुछ ही घंटों में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की टंगिया बरामद कर जब्त कर ली गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्तिगत विवाद या संदेह के आधार पर कानून को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से विवाद की स्थिति में कानूनी प्रक्रिया अपनाने की अपील की है।




