जांजगीर-चांपा पुलिस का मेगा सत्यापन अभियान, 150 बाहरी मजदूरों और संदिग्धों की जांच

जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा सत्यापन अभियान चलाया। थाना कोतवाली पुलिस ने बाहरी राज्यों से आए मजदूरों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच करते हुए करीब 150 लोगों का सत्यापन किया। इस दौरान पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच के साथ सभी के फिंगरप्रिंट भी लिए गए।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क, नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में यह विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया।
करीब 50 पुलिसकर्मियों की अलग-अलग टीमों ने ग्राम बनारी, पुटपुरा, तिलई, धनवा, औद्योगिक क्षेत्र तथा रेलवे स्टेशन के आसपास सघन जांच अभियान चलाया।


अभियान के दौरान पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से आए लगभग 150 मजदूरों और संदिग्ध व्यक्तियों के पहचान दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। इनमें से 130 लोगों को विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस कंट्रोल रूम लाया गया, जहां उनके दस्तावेजों का सत्यापन करने के साथ भविष्य में अपराध नियंत्रण और पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फिंगरप्रिंट भी लिए गए।

पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों की जानकारी संबंधित थाने को देकर पुलिस का सहयोग करें।
जांजगीर-चांपा पुलिस का यह अभियान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संभावित अपराधों की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




