
सक्ती जिले में नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने और स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर स्वयं स्कूल पहुंचकर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और साइबर फ्रॉड से बचाव की जानकारी दी। वहीं यातायात पुलिस ने स्कूल वाहनों और नाबालिग चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 28 हजार 300 रुपये का जुर्माना वसूला।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (आईपीएस) के निर्देश पर जिले में नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकने और स्कूल परिवहन में लगे वाहनों के दस्तावेजों की नियमित जांच का अभियान चलाया जा रहा है।


इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक जिंदल स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने छात्र-छात्राओं को बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना हेलमेट वाहन चलाने के खतरों के बारे में जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से होने वाले साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम में स्कूल के संस्थापक रवि जिंदल, प्राचार्य, स्कूल स्टाफ और यातायात प्रभारी वाई. एन. शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने मोटरयान अधिनियम की महत्वपूर्ण धाराओं और जुर्माने से संबंधित जागरूकता पोस्टर भी स्कूल प्रबंधन को सौंपे।
इसके बाद यातायात पुलिस की टीम ने लिटिल फ्लावर स्कूल के परिवहन वाहनों की जांच की। जांच के दौरान दस्तावेज अधूरे पाए जाने पर 13 स्कूल वाहनों पर 11 हजार 300 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं 8 नाबालिग बच्चों को वाहन चलाते पाए जाने पर उनके अभिभावकों पर 15 हजार रुपये का चालान किया गया।
यातायात प्रभारी वाई. एन. शर्मा ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें।




