छत्तीसगढ़रायगढ़

34 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद एएसआई राम सजीवन वर्मा सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त

रायगढ़ पुलिस ने सेवा सम्मान समारोह में दी भावभीनी विदाई, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अनुशासित सेवाओं की सराहना की
रायगढ़। जिला पुलिस कार्यालय रायगढ़ में आयोजित सेवा सम्मान समारोह में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) राम सजीवन वर्मा को 34 वर्षों की गौरवपूर्ण एवं समर्पित पुलिस सेवा पूर्ण करने पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने उन्हें विभाग की ओर से सम्मानित करते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं निष्कलंक सेवाओं की सराहना की तथा स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।


समारोह का संचालन रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि श्री वर्मा मूलतः रीवा (मध्य प्रदेश) के निवासी हैं। उनका चयन 3 फरवरी 1994 को आरक्षक के पद पर तत्कालीन बिलासपुर जिले में हुआ था। उत्कृष्ट कार्य के आधार पर उन्हें समय-समय पर पदोन्नति मिली और वर्ष 2022 में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) बने।
अपने 34 वर्षीय सेवाकाल में श्री वर्मा ने वर्ष 1994 से 1998 तक बिलासपुर, 1998 से 2022 तक कोरबा तथा वर्ष 2022 से सेवानिवृत्ति तक रायगढ़ जिले में सेवाएं दीं। रायगढ़ में उन्होंने थाना घरघोड़ा एवं बाद में थाना धरमजयगढ़ में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
विदाई समारोह के दौरान श्री राम सजीवन वर्मा ने अपने पुलिस जीवन के अनुभव, पारिवारिक पृष्ठभूमि और सेवाकाल से जुड़े कई प्रेरणादायक एवं भावुक संस्मरण साझा किए। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सरल, सौम्य एवं सहयोगी स्वभाव के साथ-साथ उनकी कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
समारोह का माहौल भावुक और आत्मीय रहा। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री वर्मा के योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button