
कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र में उरगा-हाटी मुख्य मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।


यह दर्दनाक हादसा करतला थाना क्षेत्र के कुदमुरा-कोसाबाड़ी के पास उरगा-हाटी मुख्य मार्ग पर हुआ। हादसे में राहुल टोप्पो और पोलेश कंवर, दोनों निवासी चचिया दर्रीपार, की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों किसी काम से हाटी की ओर गए थे। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इधर, चचिया गांव में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की तैयारियां चल रही थीं। गांव में उत्सव का माहौल था, लेकिन जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। रथ यात्रा की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता को उजागर किया है।




