
लोकेशन – सूरजपुर छत्तीसगढ़, रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने डीजल चोरी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए ढाबा संचालक और एक टैंकर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 93 हजार 100 रुपये कीमत का 950 लीटर डीजल, दो टैंकर, एक स्कॉर्पियो वाहन समेत चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, भारतीय पेट्रोलियम कंपनी का डीजल लेकर मुगलसराय से ओडिशा जा रहे दो टैंकर ग्राम दुरती स्थित अन्नपूर्णा ढाबा पहुंचे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने देर रात ढाबे में छापेमारी की। जांच के दौरान टैंकर के ऑयल टैंक को काटकर डीजल निकालने का अवैध काम करते हुए आरोपियों का भंडाफोड़ हुआ।
पुलिस ने मौके से चार ड्रमों में भरा 800 लीटर डीजल, विभिन्न जरीकेनों में रखा 150 लीटर डीजल, पाइप, कटिंग मशीन, मापने के उपकरण और टैंकरों में इस्तेमाल होने वाले कई लोहे के पार्ट्स बरामद किए। जब्त डीजल की कुल मात्रा 950 लीटर बताई गई है।
मामले में अन्नपूर्णा ढाबा संचालक रविकांत कुमार यादव और टैंकर चालक सलीम रहमान खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दूसरे टैंकर का चालक सलमान मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। आपको बता दें कि
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 151/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
डीआईजी और एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




