राष्ट्रीय व राज्य स्तर की उपलब्धियों पर पावरलिफ्टर धनंजय यादव सम्मानित

रिपोर्टर : मयंक /लोकेशन : अकलतरा, जांजगीर-चांपा
अकलतरा में 3 मई 2026 को श्री ऋषभ विघोदय महाविद्यालय बनाहिल में भारतीय जैन संघटना बिलासपुर द्वारा वस्त्र, संगम एवं विद्या दान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज और क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पावरलिफ्टिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले धनंजय यादव को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें शॉल और मोती की माला पहनाकर सम्मान प्रदान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
धनंजय यादव ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में 3 स्वर्ण और 4 कांस्य पदक, जबकि राज्य स्तर पर 8 स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इसके अलावा वे 2 बार डिस्ट्रिक्ट यूथ आइकॉन, 2 बार स्ट्रांग मैन ऑफ छत्तीसगढ़ और 1 बार स्ट्रांग मैन ऑफ वेस्ट इंडिया का खिताब भी अपने नाम कर चुके हैं।
उनकी इन उपलब्धियों से न केवल अकलतरा बल्कि पूरे जांजगीर-चांपा जिले और छत्तीसगढ़ राज्य का गौरव बढ़ा है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी ऐसे ही सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।





