
रायगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए ढाबा संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लाखा में कोतवाली और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने राज फैमिली ढाबे पर दबिश देकर अवैध शराब बरामद की, वहीं पुसौर में महिला समूह की सक्रियता से एक महिला के घर से करीब 10 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
पहली कार्रवाई ग्राम लाखा स्थित राज फैमिली ढाबे में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ढाबे के बाहर सड़क किनारे अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना कोतवाली और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक लवली मखीजा, उम्र 40 वर्ष को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 21 पाव रोमियो देसी प्लेन शराब, 9 पाव गोवा व्हिस्की और बिक्री की रकम 800 रुपये बरामद की। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 5.400 बल्क लीटर और कीमत लगभग 3,470 रुपये बताई गई है।

वहीं दूसरी कार्रवाई पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम सूरजगढ़ में हुई। यहां सखी महिला समूह को एक महिला के घर पर अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली। महिला समूह की अध्यक्ष और सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां प्लास्टिक बोरी के अंदर करीब 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
महिला समूह के सदस्यों ने शराब और संबंधित महिला को कार्रवाई के लिए थाना पुसौर लाकर पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने आरोपी सलेन्द्री यादव, उम्र 55 वर्ष के कब्जे से करीब 10 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब जब्त की, जिसकी कीमत लगभग एक हजार रुपये बताई गई है।
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ ग्रामीणों और महिला समूहों को भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या तस्करी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। महिला समूहों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी को पुलिस इस अभियान की अहम ताकत मान रही है।




