
रायगढ़ जिले में छाल पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने SECL धरमखदान से ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 20 हजार रुपये का चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कुल बरामद मशरूका करीब 3 लाख रुपये का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 6 अगस्त की रात करीब 8 से 11 बजे के बीच धरमखदान में लगे ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी कर लिए गए थे। इस दौरान ट्रांसफार्मर को भी नुकसान पहुंचाया गया। मामले में सुरक्षा प्रहरी दिलीप कुमार राठिया की रिपोर्ट पर छाल थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खेदापाली चौक के पास कुछ संदिग्ध लोग चोरी का लोहे का सामान और ट्रांसफार्मर केबल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर छह संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने धरमखदान में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चंद्रशेखरपुर एडू स्थित धरमखदान डम्पिंग यार्ड के पीछे मॉड नदी किनारे छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने ट्रांसफार्मर केबल वायर, ट्रांसफार्मर पार्ट्स, एंगल, लोहे के पाइप, पानी पंप की दो लोहे की बॉडी और वारदात में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इसके अलावा एक आरीपत्ती ब्लेड भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक पात्रो, शनिचराम अरमु, भारत सिंह मरकाम, टुपाल सिंह मरावी, रूपभवन सिंह उइके और छतन धनवार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी कोरबा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। औद्योगिक संस्थानों और आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और चोरी की संपत्ति की जल्द से जल्द बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।




