
दुर्ग जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खुर्सीपार पुलिस ने आईटीआई बॉयज हॉस्टल के पास गांजा बेच रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 514 ग्राम गांजा और 1 हजार 200 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 51 हजार 200 रुपये बताई जा रही है। देखिए पूरी खबर।
पुलिस के मुताबिक, 25 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के दशहरा मंच के सामने तीन से चार युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख शब्बीर उर्फ कल्लु, उदय देवार, विकास वर्मा उर्फ चेतन और रोहित कंवर के रूप में हुई है। सभी आरोपी खुर्सीपार, भिलाई के रहने वाले बताए गए हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बिक्री के लिए रखा 2 किलो 514 ग्राम गांजा और 1 हजार 200 रुपये नगद बरामद हुए।
मामले में खुर्सीपार थाने में अपराध क्रमांक 299/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को 26 जुलाई को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। अब पुलिस आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों और नशे के नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।




