छत्तीसगढ़सूरजपुर

“सीमावर्ती चौकी में सुरक्षा पर सवाल!… नवाटोला पुलिस चौकी के CCTV बंद मिले, कलेक्टर रेना जमील सख्त”

लोकेशन – सूरजपुर छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू

सूरजपुर जिले के बिहारपुर क्षेत्र के दौरे पर पहुंचीं कलेक्टर रेना जमील ने अंतर्राज्यीय पुलिस चौकी नवाटोला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चौकी में लगे कई सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जाहिर की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाई।

कलेक्टर ने कहा कि नवाटोला पुलिस चौकी छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्य की सीमा से जुड़ा संवेदनशील क्षेत्र है, जहां सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है। ऐसे में चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरों का बंद होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी खराब कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए और चौकी परिसर की निगरानी व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग और तकनीकी जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चौकी की अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सीमावर्ती क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों पर कड़ी नजर रखने को कहा।

कलेक्टर रेना जमील ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासनिक निरीक्षण के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है और चौकी की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button