
बिलासपुर, शहर में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यातायात पुलिस बिलासपुर ने प्रमुख मार्गों एवं आंतरिक सड़कों पर गति सीमा और सुरक्षा संबंधी संकेतक बोर्ड लगवाए हैं। इस पहल का उद्देश्य वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने के लिए जागरूक करना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर के विभिन्न मार्गों पर सुरक्षात्मक और सूचनात्मक बोर्ड लगाए गए हैं।


यातायात पुलिस ने बताया कि शहर के आंतरिक मार्गों पर अधिकतम 40 किमी प्रति घंटा, जबकि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, कलेक्ट्रेट और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में 20 किमी प्रति घंटा तथा रिहायशी इलाकों और गलियों में 30 किमी प्रति घंटा की गति सीमा निर्धारित है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा, यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा मानकों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ऑनलाइन और अन्य माध्यमों से कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन ही सुरक्षित और सुगम आवागमन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।




