
रिपोर्टर: लाला उपाध्याय /लोकेशन: सक्ती (छत्तीसगढ़)
सक्ती जिले से बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से दो जुड़वा मासूम बच्चियों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्चियों की पहचान दीप्ति गोंड (6 वर्ष) और दिव्या गोंड (6 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना बाराद्वार थाना क्षेत्र के लवसरा गांव की है।

बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां सुबह करीब 9:30 बजे घर के पास खेल रही थीं। खेलते-खेलते वे तालाब किनारे पहुंच गईं और असावधानीवश फिसलकर गहरे पानी में गिर गईं। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण समय पर मदद नहीं मिल सकी, जिससे दोनों की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ देर बाद ग्रामीणों ने तालाब में दोनों बच्चियों के शव तैरते हुए देखे, जिसके बाद तत्काल उन्हें बाहर निकाला गया। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में बच्चियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस दुखद हादसे के बाद लवसरा गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




