
लोकेशन: रायगढ़ | छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: ललिता बरेठ
रायगढ़ में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पूछापारा तालाब के पास जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी रकम और ताश की गड्डी जब्त की है।


पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पूछापारा तालाब के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने देर रात मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआरियों में हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 हजार 650 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही अन्य सामग्री बरामद की। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए “ऑपरेशन अंकुश” अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




