
दीपक वर्मा – जशपुर, लोकेशन – कुनकुरी
जशपुर जिले के कुनकुरी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मानसिक रूप से परेशान एक 22 वर्षीय युवती नीलिमा लकड़ा ने कुनकुरी थाना परिसर में वायरलेस टावर पर चढ़कर फांसी लगा ली। हैरान करने वाली बात यह है कि युवती मोबाइल पर लगातार सुसाइड से जुड़े वीडियो देखा करती थी और फांसी लगाते वक्त भी वह मोबाइल पर ही व्यस्त थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



धुमाडांड गांव की रहने वाली नीलिमा लकड़ा पिछले काफी समय से मानसिक रूप से बीमार थी। परिजनों के मुताबिक उसे मोबाइल पर आत्मघाती वीडियो देखने की बेहद खतरनाक लत थी। घटना वाले दिन वह अपनी मां के साथ 4 साल की बेटी का आवश्यक दस्तावेज़ बनवाने अस्पताल आई थी, जहाँ से वह लापता हो गई। तड़के सुबह उसने खुद 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस की परीक्षा भी ली और बाद में थाने के सामने बने ऊंचे वायरलेस टावर पर चढ़ गई। पुलिस उसे बातों में उलझाकर नीचे उतारने की कोशिश कर ही रही थी कि उसने मोबाइल पर वीडियो देखते हुए फांसी लगा ली।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर वीडियो और रील बना रहे लोगों को भी पुलिस ने सख्त हिदायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है।
इस दौरान जशपुर एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार, एस डी एम नंद जी पांडे, एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी, तहसीलदार प्रमोद पटेल, थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव सहित अन्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी लोग मौजूद रहे।




