छत्तीसगढ़दुर्ग

गरीबों के गिरवी रखे सोने के जेवर हड़पने वाला ज्वेलर्स संचालक गिरफ्तार

दुर्ग जिले की खुर्सीपार पुलिस ने गरीब लोगों के गिरवी रखे सोने के जेवरात हड़पने के आरोप में एक ज्वेलर्स संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गिरवी राशि वापस मिलने के बावजूद जेवर लौटाने के बजाय वर्षों तक टालमटोल कर बेईमानीपूर्वक अपने पास रखने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार वार्ड पार्षद भूपेन्द्र यादव ने थाना खुर्सीपार में शिकायत दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2025 में आर्थिक जरूरत के चलते उन्होंने अपनी पत्नी के 44.300 ग्राम सोने के जेवरात करीब 4 लाख 50 हजार रुपये के बदले जय मातादी ज्वेलर्स, सुभाष मार्केट, खुर्सीपार के संचालक अमित सोनी के पास गिरवी रखे थे।


कुछ समय बाद जब उन्होंने गिरवी की पूरी राशि लौटाकर अपने जेवर वापस मांगे, तो आरोपी लगातार आज-कल कहकर टालमटोल करता रहा। आरोप है कि उसने न तो सोने के जेवर लौटाए और न ही राशि वापस की, जिससे विश्वास का दुरुपयोग कर बेईमानी करने का मामला सामने आया।
शिकायत के आधार पर थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 312/2026 दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी अमित सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आर्थिक तंगी का लाभ उठाकर लोगों से सोने के जेवर गिरवी रखवाता था और बाद में राशि मिलने के बावजूद जेवर वापस करने में टालमटोल कर उन्हें हड़पने का प्रयास करता था। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति या संस्था के पास आभूषण या अन्य कीमती सामान गिरवी रखने से पहले उसके दस्तावेजों और वैधानिक जानकारी का सत्यापन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button